
भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हो रहे लगातार हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। 31 अगस्त को रतलाम में आयोजित “वोट चोर – गद्दी छोड़” रैली के दौरान हुए पथराव को कांग्रेस ने भाजपा समर्थित असामाजिक तत्वों की करतूत बताया और इसे जानलेवा हमला करार दिया।
सोमवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मीडिया विभाग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री मुकेश नायक के नेतृत्व में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना से मिला और ज्ञापन सौंपकर पटवारी की सुरक्षा तत्काल प्रभाव से बढ़ाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि भाजपा प्रायोजित हमले यह साबित करते हैं कि सत्तारूढ़ दल लोकतांत्रिक विरोध की आवाज से भयभीत है और विपक्ष के शीर्ष नेताओं की आवाज दबाने के लिए हिंसा का सहारा ले रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पटवारी की सुरक्षा में ढिलाई बरती गई तो इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन में कहा गया कि जीतू पटवारी पर हमले एक राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं और विपक्षी नेताओं को सुरक्षा न देना लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
इस मौके पर पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, जे.पी. धनोपिया, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, ग्रामीण अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल, युवा कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
