
राजगढ़। मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस 1 नवंबर को बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया. मुख्य समारोह जिला मुख्यालय पर हुआ.
यहां हुए कार्यक्रम की शुरुआत मध्यप्रदेश गान के साथ हुई. कार्यक्रम के दौरान जय मध्यप्रदेश के नारों से वातावरण गूंज उठा.
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा कि 1 नवंबर आज का दिन अत्यंत शुभ है, जब हम मध्यप्रदेश के गठन दिवस पर अपने प्रदेश के गौरव और सम्मान के लिए एकत्र हुए है. हमारे संविधान निर्माताओं ने राज्यों की सीमाएं भाषा और संस्कृति के आधार पर निर्धारित की थी. उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासनकाल में यह क्षेत्र सेंट्रल प्रोविंसेज कहलाता था और आज यह प्रदेश अपनी पहचान और गौरव के साथ विकसित रूप में हमारे सामने है.
राज्यमंत्री श्री पंवार ने मध्यप्रदेश के गठन की ऐतिहासिक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राज्य का भौगोलिक मानचित्र भगवान नंदी के समान दिखाई देता है, जो हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि कभी यह धरती बंजर और जल स्रोतों से वंचित थी, लेकिन अब मध्यप्रदेश में लगभग 50 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो रही है, जिसे 2028 तक बढ़ाकर 100 लाख हैक्टेयर भूमि सिंचित करने का लक्ष्य रखा गया है. राजगढ़ जिले की भूमि भी कभी बंजर हुआ करती थी, लेकिन आज राजगढ़ जिले की भूमि पर एक-एक इंच जमीन संचित हो रही है.
इस दौरान उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी. मालवी लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय संस्कृति के महत्व को सुंदर रूप से दर्शाया गया. कलेक्टर डा. गिरीश मिश्रा द्वारा मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत किया गया. जिला शिक्षा अधिकारी ने आभार माना.
स्व-सहायता समूहों ने लगाए स्टॉल
उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विभिन्न स्व- सहायता समूह जैसे म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत संचालित स्व सहायता समूह में विश्वास महिला संकुल स्तरीय संगठन खिलचीपुर व बालाजी महिला स्व- सहायता समूह, तथा स्वच्छ स्व- सहायता समूह द्वारा हस्तशिल्प निर्मित उत्पाद एवं स्टार ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान आरसेटी बाजार के स्व-सहायता समूहों द्वारा विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए.
राज्यमंत्री श्री पंवार, विधायक राजगढ़ अमर सिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर स्व-सहायता समूह की महिलाओं से उनके कार्य एवं उत्पादों के बारे में जानकारी ली. कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री चन्दर सिंह सौंधिया, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा, प्रताप सिंह मंडलोई, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, नपाध्यक्ष विनोद साहू, देवी सिंह सौंधिया, मनोज हाड़ा , दीपेंद्र सिंह चौहान, अमित शर्मा, मनीष जोशी सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे.
