दिल्ली हवाई अड्डे पर सुरक्षा को लेकर डीसीपी की अहम बैठक

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) पर यात्रियों की सुरक्षा और सामान चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उपायुक्त आईजीआई हवाईअड्डा, विचित्र वीर की अध्यक्षता में बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

यह बैठक उपायुक्त आईजीआई कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई, जिसमें 40 से अधिक एयरलाइंस के मुख्य सुरक्षा अधिकारी (सीएसओ) शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य एयरलाइंस को सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने और आंतरिक निगरानी तंत्र को मजबूत करने के लिए प्रेरित करना था। उपायुक्त विचित्र वीर ने बैठक में बताया कि विभिन्न नियामक एजेंसियों द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करना सभी एयरलाइंस की जिम्मेदारी है। उन्होंने सामान चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई और एयरलाइंस से इस पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

उपायुक्त ने सुझाव दिया कि एयरलाइंस अपने कर्मचारियों और ग्राउंड हैंडलिंग क्रू में संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए एक प्रभावी आंतरिक निगरानी तंत्र स्थापित करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि दिल्ली पुलिस इस कार्य में हर संभव सहायता प्रदान करेगी, ताकि चोरी की घटनाओं को रोका जा सके और यात्रियों का विश्वास बढ़ाया जा सके। बैठक में शामिल सभी हितधारकों ने सुरक्षा दिशानिर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता जताई। यह कदम हवाई अड्डे पर यात्रियों की सुरक्षा, सामान की सुरक्षा और विश्वसनीयता को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। दिल्ली पुलिस और एयरलाइंस के इस संयुक्त प्रयास से हवाई यात्रा को और सुरक्षित बनाने की उम्मीद है।

 

 

Next Post

रेखा गुप्ता ने श्रमदान में भागीदारी की अपील की

Thu Sep 25 , 2025
नयी दिल्ली 25 सितंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आसपास भी सफाई रखने की आदत विकसित करने का आग्रह करते हुए कहा है कि सभी को श्रमदान में भागीदार बनना चाहिए। श्रीमती गुप्ता ने गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर “एक दिन – एक घंटा […]

You May Like