लवलीना, पूजा समेत 10 भारतीय मुक्केबाजों को पहले दौर में बाई मिली

लिवरपूल, 04 सितंबर (वार्ता) ब्रिटेन के लिवरपूल में गुरुवार को शुरू होने वाली विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए भारतीय दल को अच्छा ड्रॉ मिला है, जिसमें पदक के दावेदार हितेश गुलिया (पुरुष 70 किग्रा), अभिनाश जामवाल (पुरुष 65 किग्रा), निखत जरीन (महिला 51 किग्रा) और लवलीना बोरगोहेन (महिला 70 किग्रा) प्रतियोगिता के शुरुआती दौर में मुश्किल प्रतिद्वंद्वियों से बचेंगे।

गुलिया, जामवाल और लवलीना को पहले दौर में बाई मिली है, जबकि निखत जरीन का सामना अमेरिका की जेनिफर लोजाना से होगा।

20 सदस्यीय भारतीय दल विश्व मुक्केबाजी (जो मुक्केबाजी के लिए हाल ही में गठित एक अंतरराष्ट्रीय शासी निकाय है) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली पहली विश्व चैंपियनशिप में दमदार प्रदर्शन करने पर केंद्रित है और पूर्व विश्व चैंपियन और टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना, निखत की वापसी से उनकी संभावनाएं निश्चित रूप से बढ़ गई हैं।

निखत और लवलीना दोनों ने इस साल कोई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता नहीं खेली है, लेकिन घरेलू सर्किट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया और ट्रायल्स में अपना दबदबा बनाया।

भारतीय मुक्केबाजों ने ब्राजील और कजाकिस्तान में आयोजित दो विश्व मुक्केबाजी कप प्रतियोगिताओं में चार स्वर्ण सहित कुल 17 पदक जीतकर प्रभावित किया है।

विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप पहली बार होगी जब पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताएँ एक साथ आयोजित की जाएंगी और 68 राष्ट्रीय महासंघों के 544 से अधिक मुक्केबाज 20 भार वर्गों में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

भारत के लिए पदक की दौड़ में शामिल अन्य मुक्केबाजों में, साक्षी (महिला 54 किग्रा) अपने अभियान की शुरुआत यूक्रेन की विक्टोरिया शेक्यूल के खिलाफ करेंगी, जबकि जैस्मीन लैम्बोरिया (महिला 57 किग्रा) को दूसरे दौर में ब्राजील की उभरती हुई स्टार मुक्केबाज जुसीलेन सेर्केरा रोमेउ के खिलाफ कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ेगा, जब वह पहले दौर में यूक्रेन की डारिया-ओल्हा हुतारिना को हरा देंगी।

जैस्मीन ने अस्ताना में हुए विश्व मुक्केबाजी कप के फाइनल में रोमेउ को हराया था और लिवरपूल में भी वह इसी प्रदर्शन को दोहराने के लिए आश्वस्त होंगी।

हितेश और अभिनाश को ड्रॉ के अलग-अलग हिस्सों में रखा गया है, जो उनके निकटतम प्रतिद्वंदियों क्रमशः केनन ओलिवेरा और यूरी फाल्काओ (दोनों ब्राजील से) से अलग हैं और अपने-अपने भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में पहुंचने के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन चार भारतीय मुक्केबाज मैदान में उतरेंगे। पवन बर्त्वाल (पुरुष 55 किग्रा) ब्राजील के माइकल डगलस ट्रिनडाडे के खिलाफ भारत के अभियान की शुरुआत करेंगे। साक्षी (महिला 54 किग्रा), अनुभवी सनमाचा चानू (महिला 70 किग्रा) और हर्ष चौधरी (पुरुष 90 किग्रा) शाम के सत्र में मैदान में उतरेंगे।

Next Post

सरकारी प्रतिभूति, विदेशी मुद्रा विनमय बाजार शुक्रवार की जगह 08 सितंबर को रहेंगे बंद

Thu Sep 4 , 2025
मुंबई, 04 सितंबर (वार्ता) महाराष्ट्र सरकार द्वारा सार्वजनिक अवकाश की तिथि में बदलाव के कारण सरकारी प्रतिभूति और विदेशी विनियम बाजार अब 05 सितंबर की जगह 08 सितंबर को बंद रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने गुरुवार को बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने 08 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की […]

You May Like