पुलिस टीम पर गोलों चलने वाला नाबालिग बदमाश पकड़ा गया, चोरी की बाइक बरामद

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) उत्तर पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में पुलिस की एक टीम पर फायरिंग करने वाले एक नाबालिग अपराधी को नंद नगरी थाना पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक खाली कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने बताया कि 24 सितंबर की सुबह नंद नगरी में टीएलएम अस्पताल के पास एक पुलिस टीम स्नैचिंग रोकने के लिए तैनात थी। टीम में एएसआई प्रमोद, हेड कॉन्स्टेबल दीपक, हेड कॉन्स्टेबल रोहित, कॉन्स्टेबल जितेंद्र और कॉन्स्टेबल परमजीत शामिल थे।
पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट की एक काली मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे अचानक यू-टर्न लेकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। इसी दौरान, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे शख्स ने हेड कॉन्स्टेबल रोहित पर गोली चला दी। गोली रोहित को नहीं लगी, पर बदमाश अनियंत्रित होकर गिर गए।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गोली चलाने वाले आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए आरोपी की उम्र 16 साल है। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस मिला। जांच में पता चला कि जिस मोटरसाइकिल का वे इस्तेमाल कर रहे थे, वह नरेला थाने से चोरी हुई थी।
नंद नगरी थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Next Post

न्यायमूर्ति पालित त्रिपुरा उच्च न्यायालय के स्थायी न्यायाधीश नियुक्त

Thu Sep 25 , 2025
नई दिल्ली, 25 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने त्रिपुरा उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति बिस्वजीत पालित को स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया है। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से एक अधिसूचना जारी करके यह जानकारी दी गई । मंत्रालय की बुधवार को जारी अधिसूचना में कहा गया […]

You May Like