छतरपुर: सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत जिलेभर में स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान नगर निकायों में कार्यरत सफाई कर्मियों एवं स्वच्छता मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों पर किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनका ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन एवं सामान्य जांच की और उन्हें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा साफ-सफाई के महत्व की जानकारी दी।
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनकी चित्रकृतियों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ भारत का संदेश प्रमुख रूप से झलका। बच्चों ने स्वच्छ वातावरण, वृक्षारोपण और प्रदूषण रोकथाम को अपनी कला के माध्यम से प्रस्तुत किया।
इसके अलावा, विद्यालयों में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। छात्रों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं स्वच्छ रहेंगे और अपने आस-पास के वातावरण को भी साफ रखेंगे।
सेवा पखवाड़ा के ये कार्यक्रम न केवल स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ा रहे हैं, बल्कि समाज में स्वच्छता को जनआंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य भी कर रहे हैं।
