याउंडे, 12 जुलाई (वार्ता) कैमरून में 12 अक्टूबर को राष्ट्रपति चुनाव कराने की घोषणा की गयी है। राष्ट्रपति पॉल बिया द्वारा शुक्रवार को हस्ताक्षरित एक आदेश में यह जानकारी दी।
आदेश के अनुसार राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान स्थानीय समयानुसार सुबह 8:00 बजे शुरु होगा और शाम 6:00 बजे समाप्त हो जायेगा।
चुनाव प्रबंधन संस्था इलेक्शन्स कैमरून द्वारा पूर्व में घोषित चुनावी कैलेंडर के अनुसार उम्मीदवारों को 21 जुलाई तक अपने आवेदन पत्र जमा करने होंगे। स्वीकृत उम्मीदवारों की अंतिम सूची 11 अगस्त से पहले जारी कर दी जाएगी।
आधिकारिक चुनाव प्रचार 27 सितंबर से 11 अक्टूबर तक चलेगा।
गौरतलब है कि इस बार का चुनाव लंबे समय से राष्ट्रपति रहे पॉल बिया के लिए आसान नहीं होगा। उनके दो सबसे करीबी सहयोगी इस बार उनके विरोध में चुनाव मैदान में उतरकर चुनौती दे सकते हैं। हाल ही में दोनों सहयोगियों ने उनकी सरकार से इस्तीफा दे दिया है और अक्टूबर चुनाव में अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की है। पर्यटन मंत्री बेलो बौबा मैगारी ने इस सप्ताह सरकार से इस्तीफा दे दिया, जबकि पिछले सप्ताह इस्सा चिरोमा बाकरी ने रोजगार और व्यावसायिक प्रशिक्षण मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। दोनों ही अपने आप को राष्ट्रपति बिया के उत्तराधिकारी के रूप में उपयुक्त उम्मीदवार के तौर पर पेश कर रहे हैं।
