
खंडवा। खंडवा से सनावद के बीच ब्रॉडगेज लाइन पर अब नियमित मेमो ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। वर्षों से बंद अकोला-इंदौर रेल लाइन के कारण यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल के प्रयासों से यह सुविधा शुरू की गई। पहले इस ट्रेन को विशेष दर्जा प्राप्त था और केवल एक फेरा था। सांसद ने रेल मंत्री और अधिकारियों से मिलकर इसे नियमित सेवा में बदलने और एक अतिरिक्त फेरा जोड़ने की मांग की, जिसे रेल मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया।
3 जून से ट्रेन का विशेष दर्जा हटाकर दो फेरों की सेवा शुरू की गई, जिसमें सिर्फ 15 रुपये का पैसेंजर किराया रखा गया है। सांसद पाटिल ने जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कई अधिकारी, विधायक, महापौर और समाजसेवी उपस्थित रहे। इस सेवा से खंडवा से ओंकारेश्वर की यात्रा अब सस्ती और सुविधाजनक हो गई है।
