नयी दिल्ली, 23 सितंबर (वार्ता) फिल्म ’12वीं फेल’ के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के पुरस्कार से नवाजे गए बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी ने भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी मनोज कुमार शर्मा के जीवन को इस फिल्म के जरिये पर्दे पर जीवंत कर दिया। मैसी को पहली बार यह सम्मान मिला है।
वर्ष 2023 में प्रदर्शित फिल्म ’12वीं फेल’ का निर्माण और निर्देशन विधु विनोद चोपड़ा ने किया था। इस फिल्म में विक्रांत मैसी ने आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा का किरदार निभाया। यह फिल्म सुपरहिट रही। इस फिल्म के लिये विक्रांत मैसी को फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। फिल्म का मुख्य पात्र मनोज एक वास्तविक किरदार हैं और वह महाराष्ट्र पुलिस सेवा में कार्यरत हैं। विक्रांत मैसी का जन्म तीन अप्रैल 1987 को मुंबई में हुआ था। विक्रांत ने महज 16 साल की उम्र में खुद डांस सीखा और सिखाना भी शुरू किया। इसके साथ ही उन्होंने एक कॉफी शॉप में काम भी किया, जिससे वह परिवार की मदद कर सकें। वह श्यामक डावर की डांस क्लास में बच्चों को डांस सिखाने जाते थे।
विक्रांत मैसी ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की। विक्रांत मैसी को अभिनय की दुनिया में कदम रखने का पहला मौका 2007 में टीवी शो ‘धूम मचाओ धूम’ में मिला, लेकिन उन्हें असली पहचान ‘बाबा ऐसा वर ढूंढो’ और ‘बालिका वधू’ जैसे शोज से मिली। ‘बाबा ऐसा वर ढूंढो’ में भरत साहनी के किरदार और ‘बालिका वधू’ में श्याम के रोल ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। ‘कुबूल है’ और ‘ये है आशिकी’ जैसे शोज में भी उनकी मौजूदगी ने दर्शकों का ध्यान खींचा। टीवी पर सालों तक मेहनत करने के बाद विक्रांत ने बड़े पर्दे का रुख किया।
विक्रांत मैसी ने वर्ष 2013 में प्रदर्शित फिल्म ‘लुटेरा’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इस फिल्म में रणवीर सिंह और सोनाक्षी सिन्हा ने मुख्य भूमिका निभायी थी। विक्रांत मैसी ने इसके बाद ‘दिल धड़कने दो’ और ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ में भी काम किया। वर्ष 2017 में विक्रांत मैसी को कोंकणा सेन शर्मा की फिल्म ‘ए डेथ इन द गंज’ में काम करने का अवसर मिला। विक्रांत मैसी को जब फिल्मों में कोई खास पहचान नहीं मिल रही थी, तो उसी दौरान उन्होंने ओटीटी पर डेब्यू किया। वर्ष 2018 में विक्रांत वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में नजर आए। इस सीरीज में उन्होंने ‘बबलू पंडित’ का किरदार निभाया था।
वर्ष 2020 में प्रदर्शित फिल्म छपाक में विक्रांत, दीपिका पादुकोण के अपोजिट नजर आए थे। यह फिल्म भले ही फ्लॉप साबित हुई, लेकिन उन्हें मुख्य अभिनेता के तौर पर इंडस्ट्री में पहचान जरूर मिली। इसके बाद विक्रांत मैसी ने ‘सेक्टर 36’, ‘द साबरमती रिपोर्ट’, आंखों की गुस्ताखियां जैसी फिल्मों में काम किया।

