शिवपुरी: भौंती थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिरसौद–चंदेरी मार्ग किनारे ढला और बमेरा के बीच सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का जला हुआ शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही भौंती थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया प्रतीत होता है कि मृतक की पहचान छिपाने के लिए उसे बेरहमी से पेट्रोल डालकर आग के हवाले किया गया।
शव बुरी तरह से जल चुका है, जिससे मृतक का चेहरा और शरीर की पहचान करना मुश्किल हो गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर जलाया गया हो सकता है।इस निर्मम वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह घटना दर्शाती है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं कि वे इस तरह की जघन्य हत्या को अंजाम देकर खुलेआम शव को सड़क किनारे फेंक देते हैं। सूचना मिलने पर शिवपुरी एसपी अमन सिंह राठौड़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर एफएसएल टीम को बुलाने के निर्देश दिए। पुलिस ने आसपास के गांवों में मृतक की पहचान के लिए तैनात अमले को सक्रिय कर दिया है और गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।
