भोपाल। गोविंदपुरा तहसील में सोमवार को नोटिस का जवाब देने के लिए पहुंचे लोग अब 24 सितबंर गुरूवार को अपना पक्ष रखेंगे. अनंतपुरा कोकता क्षेत्र में पशुपालन विभाग की 6 एकड़ जमीन के मामले में तहसीलदार ने 18 लोगों को सोमवार तक अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए थे. इस मामल में कुल 36 लोगों को कब्जे हटाने के लिए प्रशासन ने नोटिस जारी किए थे. इनमें से 18 लोगों ने कार्यवाही को पूरा कर लिया था. बाकी के लोग जिन्हें नोटिस मिला था उन्हें इस मामले में अपना पक्ष रखने का मौका मिला है. तहसीलदार की ड्यूटी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सोमवार को लगी होने के चलते वह कार्यालय में उपस्थित नहीं थे. जिसके बाद अब इन 18 लोगों को 24 सितबंर की तारीख दी गई है. कब्जे से संबंधित जानकारी इन लोगों को अपना पक्ष रखते हुए देनी होगी. तहसील कार्यालय पहुंचे लोगों में कुछ ने कहा कि उन्होंने बिल्डरों से प्लॉट लिए थे. बैंक का लोन लेकर मकान, स्कूल और हास्टल बनवाए है. लोगों का कहना है कि अगर कब्जे की बात है तो नामांतरण नहीं हुआ होता और बैँकों से लोन भी नहीं मिलता. इस मामले को लेकर तहसीलदार सौरभ वर्मा ने बताया कि सीमांकन रिपोर्ट के बाद पशुपालन विभाग की जमीन पर जिन लोगों के कब्जे मिले हैं, उसकी जांच जारी है. उन्होंने बताया कि नियमनुसार ही कार्रवाई की जाएगी. लोगों को उनका पक्ष रखने के लिए पूरा मौका भी दिया गया है. इससे पूर्व गोविंदपुरा तहसील में दोपहर 2 बजे तक बुलाए गए लोग पहुंचे. इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि तहसीलदार कार्यालय के काम से बाहर गए हैं. कार्यालय के कर्मचारियों द्वारा ही लोगों को 24 सितबंर को दोबार कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए.
