कोपेनहेगन, 23 सितंबर (वार्ता) कोपेनहेगन हवाई अड्डे पर ड्रोन देखे जाने के लगभग चार घंटे तक उड़ानें स्थगित रही जिसके बाद परिचालन फिर से शुरू किया गया।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, डेनमार्क पुलिस ने कोपेनहेगन हवाई अड्डे के आसपास देखे गए ड्रोनों के प्रकार या संख्या की पुष्टि अभी तक नहीं की है।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह पता नहीं है कि ड्रोन कहां से आए थे और यह भी पता नहीं है कि वे कहां उड़े हैं। उप पुलिस निरीक्षक जैकब हैनसेन ने संवाददाताओं से कहा कि हमें पता नहीं है कि वे इस समय कहां हैं लेकिन हम वर्तमान स्थिति के आधार पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ड्रोन देखे जाने के बाद लगभग चार घंटे तक उड़ानें स्थगित रही जिसके बाद स्थानीय समयानुसार लगभग 00:30 बजे हवाई अड्डे पर परिचालन फिर से शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि जांच के अंतर्गत कई उपाय लागू किए जाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, सोमवार शाम को कोपेनहेगन हवाई अड्डे के आसपास दो से तीन बड़े ड्रोन उड़ते देखे गए जिसके बाद हवाई अड्डे पर उड़ानें और लैंडिंग लगभग चार घंटे के लिए रोक दी गई।
एक बयान में, हवाई अड्डे ने लगातार देरी और रद्दीकरण की चेतावनी जारी की और यात्रियों से आग्रह किया कि वे अपनी एयरलाइनों से अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी लें। जब उनसे पूछा गया कि क्या ड्रोन रूसी मूल के थे तो श्री हैनसेन ने कहा कि वह इसकी पुष्टि या खंडन नहीं कर सकते।
कोपेनहेगन हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि अज्ञात ड्रोन के कारण स्थानीय समयानुसार लगभग 20:30 बजे हवाई अड्डे के ऊपर का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया।
उड़ान ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 ने बताया कि हवाई अड्डे के बंद होने के कारण कोपेनहेगन जाने वाली कम से कम 35 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया।
हवाई अड्डे के एक प्रवक्ता ने एनआरके मीडिया आउटलेट को बताया कि ड्रोन निगरानी के कारण हवाई अड्डे के ऊपर का हवाई क्षेत्र स्थानीय समयानुसार 00:00 बजे बंद कर दिया गया तथा सभी उड़ानों को निकटतम हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया।
श्री हैनसेन ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि डेनमार्क की पुलिस नॉर्वे के अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति स्पष्ट करेगी।
