
तेंदूखेड़ा/दमोह। घर से बिना बताए लापता हुए करीब 10-11 वर्षीय नाबालिग बालक को तेंदूखेड़ा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लगातार तलाश के बाद सकुशल सरक्षण मै लेकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के शासकीय प्राथमिक बालक शाला में अध्ययनरत बालक गुरुवार शाम करीब 4 बजे स्कूल की छुट्टी के बाद अपने वार्ड क्रमांक 5 में स्थित घर पहुंचा था। करीब एक घंटे घर में रहने के बाद वह शाम लगभग 5 बजे बिना बताए घर से बाहर चला गया। काफी देर तक बालक के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। शाम करीब 7 बजे परिजनों व मोहल्ले के लोगों ने बालक की आसपास तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
लगातार तलाश के बावजूद रात करीब 10:30 बजे तक बालक के नहीं मिलने पर परिजन लगभग रात 11 बजे तेंदूखेड़ा पुलिस थाने पहुंचे और बालक के लापता होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निरीक्षक सरोज सिंह ठाकुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बालक की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम द्वारा नगर व आसपास के क्षेत्रों, खेतों तथा अन्य संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की गई। पुलिस टीम रात्रि में अलग-अलग स्थानों पर बालक की तलाश कर रही थी। इसी दौरान रात करीब पौने दो बजे वार्ड क्रमांक 5 के समीप खेतों की ओर पुलिस वाहन पहुंचने पर बालक स्वयं पुलिस वाहन के पास आ गया। बालक ने पुलिस को बताया कि वह खेतों की ओर भटक रहा था।पुलिस टीम ने बालक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उसके बाद परिजनों को बुलाकर सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।बालक की सकुशल बरामदगी में नगर नरीक्षक सरोज सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक बृजेश तिवारी, विशाल बेन, महेश कुमार एवं आरक्षक विजय,कुअर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने सूचना प्राप्त होते ही रात्रि 11 बजे से लगातार तलाश अभियान चलाया और कुछ ही घंटों में बालक को सकुशल बरामद कर लिया।बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली तथा तेंदूखेड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तत्परता एवं मानवीय संवेदनशीलता के लिए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।तेंदूखेड़ा पुलिस की तत्परता से नाबालिग बालक सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंचा।
