
इंदौर.पंढरीनाथ थाना क्षेत्र में स्क्रैप व्यापारी से 30 लाख रुपए की लूट के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. शुक्रवार को 25 से ज्यादा पुलिस जवानों की टीम ने शहर के कई बाजारों और मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें सामने आया कि बदमाश वारदात से करीब एक घंटे पहले से ही व्यापारी की रेकी कर रहे थे.
निहालपुरा निवासी स्क्रैप व्यापारी मनय उर्फ मुकेश अग्रवाल को बदमाशों ने नकली पुलिसकर्मी बनकर निशाना बनाया था. आरोपी उन्हें अपने साथ ले गए और रास्ते में रुपए से भरा बैग छीनकर फरार हो गए. जांच में पता चला है कि बदमाश गाड़ी अड्डा क्षेत्र से ही व्यापारी के पीछे लग गए थे, जहां से उन्होंने पहली पेमेंट ली थी. इसके बाद आरोपी लगातार उनका पीछा करते रहे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया. सीसीटीवी में आरोपी कोतवाली थाना क्षेत्र में भी नजर आए हैं. पुलिस को पहले से ही आशंका थी कि वारदात रेकी के बाद की गई है, जो अब जांच में लगभग साफ हो गई है. वहीं, पुलिस को व्यापारी के साथ काम करने वाले कुछ लोगों पर भी शक है. सूत्रों के अनुसार दो संदिग्ध बदमाशों के नाम पुलिस तक पहुंच चुके हैं और उनकी जल्द गिरफ्तारी की संभावना है. देर रात तक पुलिस की टीमें गाड़ी अड्डा और जूनी इंदौर क्षेत्र में आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं.
