पुलिस की एडवाइजरी, सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक जानकारी नहीं करें पोस्ट

छतरपुर। आगामी पर्व एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान जिले में शांति, सद्भावना और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए छतरपुर पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने स्पष्ट कहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) पर सतत निगरानी रखी जा रही है।

एडवाइजरी में बताया गया है कि यदि कोई व्यक्ति उत्तेजनात्मक, भ्रामक अथवा असत्य जानकारी पोस्ट करता है या उसे अग्रेषित/शेयर करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

पुलिस की अपील

सोशल मीडिया पर भड़काऊ, असत्य एवं भ्रामक पोस्ट का प्रसार न करें।

धर्म, जाति या समुदाय विशेष के विरुद्ध अपमानजनक सामग्री साझा करने से बचें।

किसी भी व्यक्ति की छवि धूमिल करने वाली पोस्ट न करें।

बिना पुष्टि के किसी भी सूचना पर विश्वास न करें और अफवाहों का प्रसार न करें।

व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन यह सुनिश्चित करें कि उनके ग्रुप में किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ सामग्री प्रसारित न हो।

विशेष निर्देश

पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना, धार्मिक भावना भड़काना या साम्प्रदायिक तनाव पैदा करना दंडनीय अपराध है। आपत्तिजनक पोस्ट पर किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया, कमेंट, शेयर या फॉरवर्ड न करें।

ऐसी कोई सूचना प्राप्त होने पर तुरंत छतरपुर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 7049101021 पर जानकारी दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचनाकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और एक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।

Next Post

बाणगंगा पुलिस ने नकली नोट के साथ चार युवकों को पकड़ा

Mon Sep 22 , 2025
इंदौर: बाणगंगा पुलिस ने कुमेडी काकड़ एमआर10 सर्विस रोड पर कार्रवाई करते हुए चार युवकों के कब्जे से उच्च गुणवत्ता के नकली नोट जब्त किए. थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि 21 वर्षीय यशराज, 24 वर्षीय सौरभ, 19 वर्षीय हेमंत और 20 वर्षीय शुभम मीणा के पास से 13,000 […]

You May Like