नपा भंग करने की मांग, कांग्रेसी करेंगे सीएम से मुलाकात

विदिशा: शहर की सियासत में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. नगर पालिका परिषद में भाजपा पार्षदों के आपसी विवाद और विकास कार्यों के ठप होने के बीच कांग्रेस नेताओं ने प्रेसवार्ता कर परिषद पर गंभीर आरोप लगाए. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नगर पालिका में रिश्तेदारों और चहेतों की नियुक्तियां की गईं, टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई और जनता के पैसों का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया गया.

पूर्व विधायक निशंक जैन, पूर्व मंत्री प्रभु ठाकुर, पार्षद आशीष माहेश्वरी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि विकास कार्य रुकने की जिम्मेदारी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और वर्तमान विधायक मुकेश टंडन की है. उन्होंने आरोप लगाया कि पानी सप्लाई के टेंडर में कम दर वाले टेंडर को नज़रअंदाज़ कर महंगे टेंडर को पास किया गया, वहीं टेंकर व्यवस्था में भी गड़बड़ी की गई.

कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने बताया कि भाजपा नेताओं के कार्यकाल में करोड़ों रुपये का भ्रष्टाचार हुआ है. उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष और पूर्व अध्यक्ष दोनों के कार्यकाल की जांच की मांग की. साथ ही विधायक व सांसद निधि के उपयोग का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक करने की बात कही.कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड 1 की पार्षद अरूणा मांझी के पति, जो सरकारी डॉक्टर हैं, ने नगर पालिका की दुकान ई-टेंडर से ली, जो नियमविरुद्ध है.पूर्व सांसद प्रताप भानु शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नगर पालिका परिषद को भंग करने और नए पार्षदों व अध्यक्ष के निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग करेगा.

Next Post

सिविल अस्पताल रोड और सर्विस रोड पर भारी वाहनों की पार्किंग से बढ़ा दुर्घटना का खतरा

Sun Sep 21 , 2025
ब्यावरा: शहर के व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों की पार्किंग गंभीर समस्या बनती जा रही है. खासकर सिविल अस्पताल रोड पर ट्रक, ट्रॉले और अन्य भारी वाहन खड़े रहने से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है.अहिंसा द्वार चौराहा से पुल तक का मार्ग […]

You May Like

मनोरंजन