
ब्यावरा: शहर के व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों की पार्किंग गंभीर समस्या बनती जा रही है. खासकर सिविल अस्पताल रोड पर ट्रक, ट्रॉले और अन्य भारी वाहन खड़े रहने से राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है.अहिंसा द्वार चौराहा से पुल तक का मार्ग अक्सर भारी वाहनों से भरा रहता है, जिससे सड़क पर जगह कम रह जाती है और सामने से आने वाले वाहन अचानक दिखाई नहीं देते. इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है. रात के समय अंधेरे में यह खतरा और अधिक बढ़ जाता है.
नगर से निकलने वाले हाईवे के बायपास स्थित सर्विस रोड पर भी यही स्थिति देखने को मिलती है. यहां ट्रक और अन्य भारी वाहनों की पार्किंग से मार्ग में गुजरने वाले वाहन और राहगीरों को दिक्कत होती है. पूर्व में कई बार इसी कारण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके अभी तक इस ओर किसी का ध्यान नहीं गया.
अहिंसा द्वार चौराहा से रेस्ट हाउस होकर बायपास तक जाने वाला यह मुख्य मार्ग तहसील, एसडीएम कार्यालय, सिविल अस्पताल, रेस्ट हाउस और कर्मचारी कॉलोनी जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ता है. विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी बड़ी अनहोनी की संभावना बढ़ सकती है.
