
भोपाल। मिसरोद इलाके में एक बैंक से रिटायर्ड कर्मचारी के साथ आनलाइन ठगी का मामला सामने आया है. सायबर ठग ने बिजली का बिल अपडेट करने के नाम पर बुजुर्ग को झांस में लिया और उनसे करीब ढाई लाख रुपए की ठगी कर ली.
जानकारी के मुताबिक 60 वर्षीय फरियादी धनराज नंदनबार के साथ ढाई लाख रुपए की ठगी हो गई. बगली रोड स्थित कालोनी निवासी धनराज एक बैंक से रिटायर्ड कर्मचारी हैं. कुछ दिन पहले धनराज के मोबाइल पर उनके बिजली के बिल को अपडेट करने का एक मैसेज आया. मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क करने का सुझाव भी दिया गया था. संपर्क करने पर कालर ने धनराज को बताया कि वह बिजली विभाग का कर्मचारी है. बिल जमा करने की प्रक्रिया की बात बताते हुए सायबर ठग ने धनराज को वाट्सएप नंबर पर एक लिंक भेजी. धनराज से लिंक सायबर ठग ने लिंक क्लिक कर पूरा फार्म भरने को कहा. सायबर ठग ने इस दौरान धनराज से उनके क्रेडिट कार्ड का नंबर भी उसी फार्म में भरवा लिया. इसके अगले दिन धनराज के फोन पर बैंक की तरफ से खाते से 2 लाख 55 हजार रुपए की कटौती का मैसेज आया. बैंक पहुंचकर धनराज ने पूरी जानकारी ली. सायबर ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने मिसरोद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
