नयी दिल्ली, 25 जून (वार्ता) शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन और नामांकन आमंत्रित किए हैं जिसमें शिक्षक 10 जुलाई तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन स्वयं-नामांकन कर सकते हैं। शिक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि यह पुरस्कार स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, केंद्र सरकार, राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेश, स्थानीय निकायों तथा मान्यता प्राप्त बोर्डों से संबद्ध सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कार्यरत पात्र शिक्षक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता शर्तों के अधीन स्वीकार किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शिक्षक 15 जून से 10 जुलाई तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन स्वयं-नामांकन कर सकते हैं। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता मानदंड, मूल्यांकन प्रक्रिया और समय-सारिणी पोर्टल पर उपलब्ध है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रतिवर्ष उन शिक्षकों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार और समर्पण का परिचय दिया हो तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो। इच्छुक शिक्षक निर्धारित समयसीमा के भीतर राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल एचटीटीपीएस: नेशनलअर्वाड्सटूटीचर्सडॉटएजूकेशनडॉटजीओवीडॉटइन/लॉगिनडॉटएएसपीएक्सपर आवेदन कर सकते हैं।

