दीव, 22 मई (वार्ता) खेलो इंडिया बीच गेम्स 2025 के बीच सॉकर स्पर्धाओं में गुरुवार मध्य प्रदेश की महिला टीम और उत्तर प्रदेश की पुरुष टीम ने शानदार खेल का मुजाहिरा करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को चौंकाते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।
आज यहां घोघला बीच पर खेले गए महिलाओं के ग्रुप-बी मुकाबले में मध्य प्रदेश ने आंध्र प्रदेश को 6-1 से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले में मप्र की स्टार खिलाड़ी सयुक्ता ने दो शानदार गोल दागे। मप्र का सेमीफाइनल में ग्रुप-ए की विजेता गुजरात से होगा।
पुरुषों के ग्रुप-बी मुकाबले में महाराष्ट्र ने गुजरात को 6-5 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। एक समय महाराष्ट्र 3-1 से पीछे चल रहा था, लेकिन सागर और आर्यन विक्रम थेवरपुरक्कल के दो-दो गोलों ने टीम को वापसी करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई। अब सेमीफाइनल में महाराष्ट्र का मुकाबला ग्रुप-ए विजेता केरल से होगा।
अन्य सेमीफाइनल मुकाबलों की बात करें तो, महिलाओं में ग्रुप-ए की उपविजेता उत्तर प्रदेश का सामना ग्रुप-बी विजेता ओडिशा से होगा, जबकि पुरुषों में ग्रुप-बी की विजेता लक्षद्वीप का सामना ग्रुप-ए उपविजेता गोवा से होगा।
सेमीफाइनल में पहुंची आठ टीमों में सिर्फ उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश ही ऐसी टीमें हैं जो तटवर्ती नहीं हैं। इन राज्यों के खिलाड़ी कभी नदी किनारे अभ्यास करते हैं तो कभी बड़े आयोजनों की तैयारी के लिए समुद्री तटों पर भेजे जाते हैं।
सभी सेमीफाइनल मुकाबले शुक्रवार सुबह खेले जाएंगे, जबकि फाइनल उसी दिन शाम को होगा। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार सेमीफाइनल हारने वाली टीमों को भी कांस्य पदक मिलेगा।
पिछले 12 वर्षों से राज्य की लड़कों और लड़कियों की टीम को कोचिंग दे रहे मप्र के कोच अशिष पिल्लई ने कहा, “यह पहली बार है कि मप्र की महिला टीम बीच गेम्स में खेल रही है। सभी ने बहुत मेहनत की है। शुरुआती मैच में ओडिशा से 18-0 की हार के बाद कोई सोच भी नहीं सकता था कि हम सेमीफाइनल तक पहुंचेंगे। यह बहुत अच्छा लग रहा है।”
उन्होंने बीच गेम्स की तैयारियेां को लेकर कहा, “हमने मध्य प्रदेश के बालाघाट में एक नदी के किनारे अभ्यास किया। यह बिल्कुल बीच की रेत जैसी नहीं थी, लेकिन कुछ न कुछ अभ्यास तो हुआ। वहां हमने पांच दिन अभ्यास किया और उससे हमें बहुत मदद मिली।”

