ज्ञानेश कुमार एक सप्ताह में दें कर्नाटक सीआईडी काे जवाब: राहुल

नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसको लेकर कर्नाटक की आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने जो सवाल पूछे हैं, आयोग को उन सवालों जवाब एक सप्ताह के भीतर देना चाहिए।
श्री गांधी ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में विशेष संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री ज्ञानेश कुमार ने संविधान की रक्षा के लिए मुख्य चुनाव आयुक्त पद की शपथ ली है और उन्हें इस संवैधानिक संस्था की रक्षा और उसकी मर्यादा के लिए पूछे जा रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। उनका कहना था कि यदि चुनाव आयोग एक सप्ताह के अंदर सीआईडी के सवालों का जवाब नहीं देता है, तो मान लिया जायेगा कि आयोग वोट चोरी की प्रक्रिया में पूरी तरह से शामिल है।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक सीआईडी ने वोट चोरी के मामलों को लेकर चुनाव आयोग से जवाब मांगा है, लेकिन आयोग किसी भी सवाल का जवाब नहीं दे रहा है। उनका कहना था कि सीआईडी ने 18 पत्र चुनाव आयोग को लिखे हैं, लेकिन किसी पत्र का जवाब आयोग ने नहीं दिया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संस्था की रक्षा की जिम्मेदारी आयोग की है, इसलिए उसे चुनाव में गड़बड़ी से संबंधित सवालों का जवाब देना चाहिए, लेकिन वह जवाब देने की बजाय सवालों पर चुप्पी साध लेता है और किसी भी सवाल का जवाब नहीं देता है।
यह पूछने पर कि आयोग एक सप्ताह में जवाब नहीं देगा तो क्या वह अदालत जायेंगे, श्री गांधी ने कहा कि उनका काम लोकतांत्रिक संस्थाओं में हो रही गड़बड़ियों की सूचना देना है, लोकतंत्र को बर्बाद करने की साजिश का खुलासा करना है और इन संस्थाओं की सुरक्षा कैसे होगी, इसका दायित्व सरकार तथा संवैधानिक संस्थानों पर है।

Next Post

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनावों में एबीवीपी ईवीएम में कर रही है हेराफेरी: एनएसयूआई

Thu Sep 18 , 2025
नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) पर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में हेराफेरी करने का आरोप लगाया है। एनएसयूआई ने गुरुवार को एक बयान जारी कर आरोप लगाया कि विभिन्न कॉलेजों से लगातार शिकायतें […]

You May Like