
रीवा।शहर के सामान थाना क्षेत्र अंतर्गत सामान चौराहे के समीप बीती देर रात तकरीबन 11 बजे हुए सडक़ हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है. जिनका उपचार रीवा के संजय गांधी अस्पताल में कराया जा रहा है. घटना के बाद कार सहित चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है.
घटना के संबंध में मृतक डॉक्टर संतोष तिवारी के परिजनों ने बताया कि बीती रात तकरीबन 10:00 बजे डॉ. संतोष तिवारी अपने साथी डॉ. एनडी तिवारी के साथ स्कूटी से घर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार कार के चालक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे दोनों स्कूटी सवार दूर जा गिरे. इस दौरान डॉ. संतोष तिवारी तकरीबन 10 फीट ऊपर हवा में उडक़र जमीन पर गिरे जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई. जबकि स्कूटी में बैठे हुए डॉक्टर एनडी तिवारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने डॉक्टर संतोष तिवारी को मृत घोषित कर दिया. जबकि डॉक्टर एनडी तिवारी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं.
