भाजपा का जालंधर में रोष मार्च, भगवंत मान पर केस दर्ज करने की मांग

जालंधर, 08 मई (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा हाल ही में अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लगाये गये आरोपों के विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जालंधर में विशाल रोष मार्च निकाला। मार्च स्थानीय कचहरी चौक से शुरू होकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक पहुंचा, जहां नेताओं ने मांग पत्र सौंपकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। इस रोष मार्च का नेतृत्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व मेयर एवं प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण देव भंडारी, पूर्व विधायक सरबजीत सिंह मक्कड़, अनिल सच्चर, रमन पब्बी, अमरजीत सिंह अमरी और सनी शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार पंजाब में कानून व्यवस्था बनाये रखने में पूरी तरह विफल रही है और अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब की शांति, सुरक्षा और विकास के लिए संघर्ष करती रहेगी। प्रदेश महामंत्री राकेश राठौर ने कहा कि पंजाब की जनता को गुमराह करने वाली आप सरकार अब पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पंजाब विरोधी ताकतों के खिलाफ भाजपा मजबूती से खड़ी है। पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने आरोप लगाया कि देश और पंजाब को तोड़ने की कोशिश करने वाली ताकतों के साथ आम आदमी पार्टी की सांठगांठ अब जनता के सामने आ चुकी है। वहीं, कृष्ण देव भंडारी ने कहा कि पंजाब में तानाशाही और झूठ की राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चल सकती। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से भाजपा पर आरोप लगाने से पहले अपनी पार्टी के दागदार किरदार और विफलताओं पर नजर डालने को कहा।

.....

Next Post

हरियाणा के राज्यपाल ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से की शिष्टाचार भेंट

Fri May 8 , 2026
चंडीगढ़, 08 मई (वार्ता) हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर आशीष कुमार घोष ने पत्नी मित्रा घोष के साथ शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। यहां जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार बैठक के दौरान राज्यपाल ने हरियाणा के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न […]

You May Like