आधुनिक पुलिसिंग: मध्यप्रदेश पुलिस का MCTP कार्यक्रम शुरू

भोपाल: मध्यप्रदेश पुलिस का मिड-कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (MCTP) राज्य की पुलिस व्यवस्था में भावी नेतृत्व को नई दिशा, आधुनिक सोच और व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करने वाले एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभर रहा है। बदलती कानून-व्यवस्था की चुनौतियों के अनुरूप यह कार्यक्रम अधिकारियों को अधिक सक्षम, उत्तरदायी और प्रभावी नेतृत्व के लिए तैयार कर रहा है।

कार्यक्रम के नवीनतम संस्करण का शुभारंभ 27 नवंबर को मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी में किया गया। इस अवसर पर अकादमी के निदेशक मोहम्मद शाहिद अबसार मुख्य अतिथि थे, जबकि उपनिदेशक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल भी उपस्थित रहे। कुल 30 राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिनके पास बारह वर्ष से अधिक का सेवाकाल है। यह इस प्रशिक्षण श्रृंखला का पांचवां संस्करण है।

चार सप्ताह से अधिक अवधि वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन चार प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में किया जा रहा है। 27 से 29 नवंबर तक अधिकारियों ने पुलिस अकादमी में गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद 1 और 2 दिसंबर को आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। 4 से 6 दिसंबर तक नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली में उन्हें सोशल लेजिसलेशन, ई-गवर्नेंस, पब्लिक ऑर्डर, विक्टिमोलॉजी, अंतर-विभागीय समन्वय और संबंधित कानूनों पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

8 दिसंबर से यह दल यूनाइटेड किंगडम स्थित कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है। प्रशिक्षण के साथ-साथ अधिकारी ब्रिटिश पुलिस संस्थानों का भ्रमण कर वहां की आधुनिक पुलिसिंग पद्धतियों से भी रूबरू होंगे। इस चरण में क्राइम हार्म इंडेक्स, प्रीडिक्टिव पुलिसिंग तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराध की रोकथाम से जुड़ी महत्वपूर्ण बारीकियां सिखाई जाएंगी।

यह प्रशिक्षण 30 दिसंबर को डी-ब्रीफिंग सत्र के साथ संपन्न होगा, जिसके साथ राज्य की पुलिसिंग क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम पूरा होगा।

Next Post

लक्ष्मणपुरा निवासी छात्र का करंट लगने से निधन, गांव में शोक छाया

Wed Dec 10 , 2025
करनवास। समीपस्थ ग्राम लक्ष्मणपुरा निवासी छात्र सचिन रूहेला पिता जगदीश रूहैला उम्र 19 वर्ष का बुधवार को करंट लगने से प्राणांत हो गया. छात्र के असामायिक निधन से गांव एवं करनवास में मिलने-जुलने वालो में गहरा शोक छा गया. जानकारी के अनुसार छात्र सचिन अपने खेत पर गेंहू में पानी […]

You May Like