नयी दिल्ली, 17 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल के दाम घट गये, जबकि गेहूं में तेजी का रुख रहा। चीनी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। दालों के भाव टूट गये, जबकि खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
विदेशों में मलेशिया दिवस के मौके पर बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का दिसंबर वायदा चार रिंगिट चढ़कर 4,477 रिंगिट प्रति टन बोला गया। अमेरिकी सोया तेल वायदा 1.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52.61 डॉलर के भाव बोला गया।
घरेलू थोक जिंस बाजारों में चावल की औसत कीमत पांच रुपये टूटकर 3,856.46 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं सात रुपये मजबूत हुआ और 2,864.95 रुपये प्रति क्विंटल के भाव बिका। आटे के दाम 10 रुपये प्रति क्विंटल टूट गये और यह 3,306.55 रुपये प्रति क्विंटल बिका।
खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया। सरसों तेल औसतन 59 रुपये और सूरजमुखी तेल नौ रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। पाम ऑयल में भी 30 रुपये प्रति क्विंटल चढ़ गया। मूंगफील तेल की औसत कीमत नौ रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। सोया तेल तीन रुपये और वनस्पति 28 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता हुआ।
दाल-दलहनों में आज गिरावट रही। तुअर दाल की औसत कीमत करीब 30 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी। उड़द दाल में 23 रुपये और चना दाल में सात रुपये प्रति क्विंटल की नरमी देखी गयी। मूंग दाल 28 रुपये और मसूर दाल नौ रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुयी।
गुड़-चीनी : मीठे के बाजार में आज गुड़ की औसत कीमत चार रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी जबकि चीनी के भाव में टिकाव रहा।

