
भिंड। असवार थाना क्षेत्र में बरहा नहर के पास एक अनियंत्रित जीप ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक सहित तीन लोग नहर में जा गिरे। घटना की जानकारी लगते ही असवार थाना प्रभारी नितेंद्र मावई पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे और नहर में रेस्क्यू शुरू कराया। रात में नहर से एक युवक का शव बरामद किया गया, वहीं आज नहर पर बने पुल से करीब 400 मीटर दूर दो लोगों के शव मिल गए।
जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय राजेंद्र चौहान निवासी हेतमपुरा जिला दतिया अपने साथी अमरसिंह चौहान और चुन्नीलाल के साथ लहार के रावतपुरा सानी गांव में निमंत्रण खाने आए थे। तीनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। असवार थाना क्षेत्र में बरहा नहर के पास सेंवढ़ा की तरफ जा रही एक अज्ञात जीप के चालक का संतुलन बिगड़ गया और उसने बाइक को टक्कर मार दी। इससे तीनों बाइक सवार नहर में गिर गए।
सूचना मिलते ही असवार थाना प्रभारी नितेंद्र मावई फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और स्थानीय लोगों की सहायता से राजेंद्र चौहान का शव नहर से बाहर निकाल लिया लेकिन अमरसिंह और चुन्नीलाल का शव नहीं मिला। आज भिंड से एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। आज बुधवार को नहर पर बने पुल से करीब 400 मीटर दूरी पर अमरसिंह और चुन्नीलाल के शव मिल गए। पुलिस ने शव पीएम के लिए लहार अस्पताल भिजवाए हैं।
