
भैरूंदा। देवास जिले के शातिर चोर कार और बस से आते थे और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से बाइक चोरी रफूचक्कर हो जाते थे. गिरोह के तीन आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है. जानकारी के अनुसार 27 मार्च को फरियादी घनश्याम शर्मा भैरुंदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात्रि में उनकी बाइक चोरी हो गई. इसी प्रकार व नर्मदाप्रसाद अग्रवाल ने भी बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए सरगर्मी से चोरों की तलाश शुरू कर दी. एसडीओपी दीपक कपूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी घनश्याम दांगी द्वारा 2 टीम गठित की गई थी. पुलिस टीमों ने तकनीकी सहायता एवं कैमरे के माध्यम से अज्ञात आरोपियों की पहचान करना शुरू की. आरोपियों को पुन: चोरी के इरादे से नगर में घूमते पाए जाने पर गिरफ्तार कर तीन बाइक जप्त की. आरोपियों से पूछताछ की जा रही हैं. पूछताछ में अपना नाम तूफान सिंह आ. समन्दर सिंह राजपूत, अभय सिंह आ. कृपाल सिंह ठाकुर एवं राजा उर्फ अरविन्द आ. सुमेर सिंह हाड़ा सभी थाना पिपलरावा जिला देवास के निवासी हैं. आरोपी देवास अपने निवास स्थान से कार एवं बस से नगर में आकर दिन में रेकी करते थे एवं रात में बाइक चोरी करते थे. आरोपियों के विरुद्ध अन्य थानों में भी चोरी के कई प्रकरण दर्ज हैं.
