बालाघाट: जिले में एक बार फिर नक्सली गतिविधियां तेज होती दिख रही हैं। जानकारी के अनुसार लांजी थाना क्षेत्र के चौरिया जंगल में दहियान का काम करने वाले युवक देवेंद्र यादव उर्फ धदू 16 सितम्बर की रात से लापता है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने उसे पुलिस की मुखबिरी के शक में अपहरण किया है। घटना स्थल पर मिले पर्चों में नक्सलियों ने देवेंद्र पर पीतकोना चौकी में दूध सप्लाई के बहाने पुलिस को जानकारी देने का आरोप लगाया है।
इन पर्चों की जिम्मेदारी मलाजखंड एरिया कमेटी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माओवादी ने ली है। हालांकि पुलिस ने युवक के लापता होने की पुष्टि की है, लेकिन अपहरण की पुष्टि नहीं की और बताया कि परिजनों ने अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। उधर, घटना के बाद जिला पुलिस बल और स्पेशल हॉक फोर्स ने सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। उल्लेखनीय है कि इससे एक दिन पूर्व भी नक्सलियों ने पाथरी चौकी क्षेत्र में बैनर व पोस्टर लगाकर पुलिस भर्ती का विरोध किया था।
