विदिशा: नगर पालिका परिषद में पार्षदों के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. भाजपा के ही पार्षद अब एक-दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप लगाने से नहीं चूक रहे. पार्षदों का एक गुट नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति शर्मा पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी जांच और पद से हटाने की मांग पर अड़ा है तो वही अध्यक्ष समर्थित पार्षद और सभापति दूसरे पक्ष पर पैसों के लेनदेन सहित कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं.
सोमवार को अभापिकके छात्रा सम्मेलन में शामिल होने आई प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी को विरोधी पार्षदों ने एक लिखित ज्ञापन सौंपा.जिसमें नपा अध्यक्ष और उनके पति पर आर्थिक अनियमितताओं और भाजपा संगठन की छवि खराब करने के आरोप लगाए गए. ज्ञापन में मांग की गई है कि अध्यक्ष को दोषी मानते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए.
वहीं पार्षदों के हस्ताक्षर का एक शिकायती पत्र कलेक्टर के नाम शिकायत हुयी है और यह शिकायती आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस आवेदन में आरोप लगाया गया कि वार्ड क्रमांक 1 की पार्षद अरुणा मांझी पर दुकान आवंटन में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए और मामले की जांच की मांग की. यह विवाद नगर पालिका के कार्यों और संगठन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर रहा है.
