हंसी-मजाक के साथ सड़क सुरक्षा की सीख, नियम मानने वालों को मिली मिठाई
इंदौर: यातायात पुलिस इन दिनों शहर के यातायात को सुधारने के लिए रोजाना अनूठे तरीके अपना रही है. शुक्रवार को पलासिया चौराहे पर सड़क सुरक्षा जागरुकता अभियान के तहत ट्रैफिक मित्रों के साथ एक कलाकार ने चार्ली चैप्लिन का रुप धरकर वाहन चालकों को जहां सड़क सुरक्षा की सीख दी, वहीं यातायात पुलिस ने नियम मानने वालों को मिठाई.पुलिस उपायुक्त यातायात अरविंद तिवारी ने बताया कि महानगर इंदौर की यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अनूठे तरीके अपनाए जा रहे हैं. जिसके तहत शुक्रवार को मशहूर कलाकार सुरेंद्र सिंह और ट्रैफिक मित्रों की टीम ने चौराहे पर जागरूकता अभियान चलाया.
इस दौरान चार्ली चैप्लिन के किरदार में हेलमेट पहनकर पहंुचे सुरेंद्र सिंह ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का महत्व समझाया. वहीं बीच सड़क असुरक्षित तरीके से क्रॉस कर रहे पैदल यात्रियों को ज़ेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार करवाया और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. इस अभियान में ट्रैफिक मित्र श्याम सुंदर बिहानी, अरुण घोलप और नेहा शर्मा ने यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को मिठाई भेंट की और उनसे यह संकल्प दिलवाया कि वे खुद और अन्य वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने के लिए प्रेरित करेंगे.
नन्हे ट्रैफिक मित्र ने गाया सुरक्षा गीत
अभियान के दौरान नन्हे ट्रैफिक मित्र आदित्य तिवारी ने सड़क सुरक्षा पर गीत गाकर वाहन चालकों को प्रेरित किया, वहीं ट्रैफिक मित्र काजल और संगीता तिवारी ने तख्तियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया. इस जागरूकता अभियान को देखकर वाहन चालक बेहद उत्साहित नजर आए. कई लोगों ने ट्रैफिक पुलिस और ट्रैफिक मित्रों की इस अनोखी पहल की प्रशंसा की और यातायात नियमों का पालन करने का वादा किया
