आलीराजपुर: बरझर ग्राम में आगजनी से प्रभावित पूर्व सरपंच सोमला बारिया के परिवार से विधायक सेना महेश पटेल ने मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। हाल ही में लगी भीषण आग में मकान सहित पूरा गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया, जिससे परिवार गहरे संकट में है। विधायक पटेल तहसीलदार जितेंद्र तोमर के साथ मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों को पंचनामा व राहत प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शासन से त्वरित मुआवजा दिलाने का भरोसा भी दिलाया। साथ ही अपनी स्वेच्छा निधि से ₹50 हजार की सहायता की घोषणा की। दौरे में उन्होंने सड़क दुर्घटना में घायल पूर्व सरपंच महेश मावी का हाल भी जाना। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पहल की सराहना की।
