कटनी: स्लीमनाबाद मुख्यालय में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने एकजुट होकर करीब 6 एकड़ से अधिक भूमि पर तार फेंसिंग कर कब्जा कर लिया है, जिस पर पहले सैनिक छावनी हुआ करती थी। इस कब्जे को लेकर स्थानीय समुदाय में आक्रोश देखा जा रहा है।ग्रामीणों और विश्व हिंदू परिषद ने ग्राम पंचायत के माध्यम से तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर को लिखित शिकायत दी।
शिकायत में कहा गया कि यह भूमि राजस्व रिकॉर्ड में खसरा क्रमांक 54, रकबा 2.72 हेक्टेयर के नाम से दर्ज है, जो सैनिक छावनी के लिए आरक्षित है। वहीं पास का खसरा क्रमांक 53, रकबा 1 एकड़, मुक्तिधाम और कब्रिस्तान हेतु आरक्षित है।मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार स्लीमनाबाद सारिका रावत ने आगामी 19 सितंबर को भूमि का सीमांकन करने के लिए पांच पटवारियों का दल गठित किया है।
जांच दल को सीमांकन कर अवैध अतिक्रमण हटाने और पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।स्थानीय हल्का पटवारी ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है कि भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर तारबंदी की गई है। इस रिपोर्ट को आधार बनाकर तहसील प्रशासन ने सीमांकन हेतु टीम तैनात कर दी है
