दुबई 15 सितंबर (वार्ता) निजाकत खान (नाबाद 52) और अंशुमन रथ (48) की शानदार पारियों के दम पर हांगकांग ने सोमवार को एशिया कप 2025 के आठवें मुकाबले में श्रीलंका को जीत के लिए 150 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी हांगकांग के लिए जीशान अली और अंशुमन रथ ने पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। पांचवें ओवर में दुश्मांता चमीरा ने जीशान अली 17 गेंदों में 23 रन को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद नौवें ओवर में वानिंदु हसरंगा ने बाबर हयात (चार) को स्टंप आउट कराकर पवेलियन भेज दिया। हांगकांग का तीसरा विकेट अंशुमन रथ के रूप में गिरा। उन्हें दुश्मांता चमीरा ने आउट किया। अंशुमन रथ ने 46 गेंदों में 48 रन बनाये। कप्तान यासिम मुर्तजा पांच रन बनाकर आउट हुये। हांगकांग ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 149 रन का स्कोर खड़ा किया। निजाकत खान ने 38 गेंदों में चार चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 52) रनों की पारी खेली।
श्रीलंका की ओर से दुश्मांता चमीरा ने दो विकेट लिये। वानिंदु हसरंगा और दसून शानका ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
