उज्जैन: संभागायुक्त आशीष सिंह के पदभार ग्रहण करने के बाद सिंहस्थ 2028 से जुड़े विकास कार्यों में नई गति और गंभीरता आई है. प्रशासन अब सड़क, ड्रेनेज, पाइपलाइन, पोल शिफ्टिंग और घाट निर्माण जैसे कार्यों को दिन-रात प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के अनुरूप सभी विभाग समन्वय के साथ तेज रफ्तार से काम कर रहे हैं.
शनिवार सुबह कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों और निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया, उन्होंने कोठी रोड, महावीर नगर, गदा पुलिया से इंदौर रोड और कोयला फाटक से कंठाल मार्ग तक चल रहे कामों की स्थिति देखी. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य की मजबूती और टिकाऊपन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए.
सड़क निर्माण पर नाराजगी
गदा पुलिया से इंदौर रोड मार्ग पर रिटेनिंग वॉल की क्यूरिंग सही ढंग से न मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई. उन्होंने सहायक यंत्री को निर्देश दिए कि कोर कटिंग कर मजबूती की जांच कराई जाए और गुणवत्ता पर कोई समझौता न हो. साथ ही सतत मॉनिटरिंग और नियमित लैब टेस्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.
अब साथ चलेगी टेस्टिंग लेब
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि आगे से निरीक्षण के दौरान मोबाइल टेस्टिंग लैब भी साथ रहेगी, जिससे मौके पर ही गुणवत्ता जांच हो सकेगी.
मेडिकल कॉलेज निर्माण से संतुष्टि
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का भी जायजा लिया. उन्होंने एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक और मेडिकल कॉलेज ब्लॉक की प्रगति देखी. निर्माण एजेंसी ने जानकारी दी कि कार्य समयसीमा के भीतर और लक्ष्यानुसार चल रहा है. साथ ही इनहाउस व विभागीय लैब्स के माध्यम से नियमित गुणवत्ता परीक्षण किया जा रहा है. कलेक्टर ने निर्माण की गति और गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया.
