
सीधी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार 13 सितम्बर 2025 को सीधी, चुरहट, रामपुर नैकिन एवं मझौली में नेशनल लोक अदालत का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रयाग लाल दिनकर व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन से किया। लोक अदालत में कुल 571 लंबित और 8615 प्री-लिटिगेशन प्रकरण सुनवाई हेतु रखे गए, जिनमें से 1670 मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण हुआ। मोटर दुर्घटना दावा, चेक बाउंस, विद्युत, बैंक वसूली, वैवाहिक व आपराधिक प्रकरणों में समझौते हुए। इस दौरान पक्षकारों को 73.67 लाख रुपये का मुआवजा तथा लाखों का राजस्व प्राप्त हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कुल 20 खंडपीठों का गठन कर सुनवाई कराई। न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं व विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में लोक अदालत सफल रही।
