भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, भोपाल में मंगलवार को पिछड़ा वर्ग मोर्चा की कामकाजी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने की। इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और मोर्चा की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ हाल ही में नियुक्त जिला अध्यक्ष भी शामिल हुए, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर सुझाव और अनुभव साझा किए।
बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने संगठन के विस्तार के साथ बेहतर समन्वय और जनसंपर्क अभियान को तेज करने की आवश्यकता बताई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी मंथन किया गया और कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
