ग्वालियर: मप्र चेंबर आफ कामर्स एण्ड इण्डस्ट्रीज के चुनावों में अभी 3-4 माह शेष है, लेकिन चेंबर से जुड़े व्यापारियों में अभी से विभिन्न पैनल, हाउसों के प्रत्याशियों के संभावित नामों को लेकर चर्चा चलने लगी है। व्यापारी भी इस बार चेंबर चुनावों में साफ सुथरी छवि व हमेशा मदद को तैयार रहने वाले व्यापारी नेताओं को तबज्जो देने की मंशा बनाये हुये है।
इस बीच व्हाईट हाउस से एक बार धोखा खाये व्यापारी नेता संजीव अग्रवाल कुक्कू ने भी ताल ठोंक दी है। उन्होंने इस प्रतिनिधि से कहा कि उनका चुनाव लड़ना तय है। वह किस हाउस से लड़ेंगे, यह समय ही बतायेगा।संजीव अग्रवाल कुक्कू ने कहा कि वह चेंबर के सबसे ज्यादा सक्रिय सदस्य है और 9 बार से कार्यकारिणी सदस्य है। पिछले चुनावों में उनका व्हाईट हाउस से उपाध्यक्ष पद पर लड़ना तय था और पैनल में भी नाम था, लेकिन ऐन वक्त पर उनका नाम काट कर पारस जैन सर्राफ को दे दिया गया था, जिसकी उनको आज भी पीड़ा है।
इसी कारण पिछले चुनावों में उन्होंने क्रियेटिव हाउस के विजय गोयल को अध्यक्ष बनवाने के लिये अपने सभी व्यापारी वोट बैंक विजय गोयल की तरफ मोड़ दिये थे, जिससे विजय गोयल ने अकेले क्रियेटिव हाउस से जीतकर इतिहास रचा था। संजीव अग्रवाल कुक्कू व्यापारी वर्ग में लोकप्रिय है। उन्हें केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का भी सिपेहसलाहकार माना जाता है।
