इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक फैक्ट्री संचालक को धमकाने और मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित ने तीन भाइयों और उनके साथियों पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने तथा हाथापाई करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है.विद्यानगर सपना-संगीता जानकी नगर निवासी 30 वर्षीय हिमांशू कालरा अपनी फैक्ट्री में काम कर रहे थे.
दोपहर करीब दो बजे उनके मोबाइल पर मधुर गवलानी का फोन आया. उसने चॉकलेट के डिब्बे बनवाने के रेट पूछे और जवाब मिलने पर फोन पर ही विवाद करने लगा. आरोप है कि इसी दौरान उसने फैक्ट्री बंद कराने की धमकी भी दी.
कुछ समय बाद मधुर गवलानी अपने भाई सागर और शिवम गवलानी सहित अन्य लोगों के साथ हिमांशू की फैक्ट्री पर पहुंच गया. शिकायतकर्ता के मुताबिक, तीनों ने मिलकर उन्हें गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की. मामले में भंवरकुआं पुलिस ने हिमांशू कालरा की रिपोर्ट पर मधुर, सागर और शिवम गवलानी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
