भोपाल: कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आज आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूलों की कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 7,832 टॉपर विद्यार्थियों को निःशुल्क स्कूटी प्रदाय योजना के अंतर्गत राशि प्रदान की। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने समग्र शिक्षा की सेनिटेशन एवं हाईजीन योजना अंतर्गत 20 लाख 37 हजार से अधिक बालिकाओं के बैंक खातों में 61 करोड़ रुपये एकल क्लिक से अंतरण किए। इसके साथ ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टाईप (IV) योजना के तहत 20 हजार 100 बालिकाओं को 7 करोड़ रुपये स्टायपंड राशि का वितरण भी किया गया।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजनाएँ प्रदेश के विद्यार्थियों और विशेषकर बालिकाओं के आत्मनिर्भर भविष्य की मजबूत नींव रखेंगी।
