
ब्यावरा। वर्तमान में बुखार सहित विभिन्न बिमारियों का प्रकोप लोगों को जकड़ रहा है. अस्पतालों में ओपीडी में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. स्थानीय सिविल अस्पताल में प्रतिदिन ओपीडी में 600 से अधिक मरीज आ रहे है.
उल्लेखनीय है कि कभी बारिश तो कभी मौसम खुलने पर गर्मी का प्रकोप होने के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है. बुखार, हाथ-पैर में दर्द, उल्टी-दस्त के साथ ही गले में खरास, इंफेक्शन सहित अन्य बिमारियां लोगों को अपनी चपेट में ले रही है. ब्यावरा स्थित सिविल अस्पताल में सोमवार को ओपीडी में मरीजों की संख्या 630 रही जबकि मंगलवार को 600 मरीज आये.
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विगत दिवस बुखार के ऐसे संदिग्ध मरीज जिनमें डेंगू के संभावित लक्षण की संभावना देखी जा रही है उन मरीज के सेम्पल जांच के लिए जिला चिकित्सालय लैब में भेजे जा रहे है.
रोजाना 40 से 50 सेम्पल की जांच
बुखार के मरीजों की संख्या बढऩे पर जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले भर में बुखार के ऐसे संभावित मरीज जिनमें कहीं कोई ऐसा लक्षण नजर आ रहा है जिससे डेंगू रोग की संभावना प्रबल हो रही है तो ऐसे मरीज का सेम्पल जिला चिकित्सालय जांच के लिए भेजने हेतु निर्देश जारी किए गये है. इसके बाद से जिले भर से डेंगू लक्षण वाले संभावित मरीजों के सेम्पल भी जिला चिकित्सालय पहुंच रहे है. जिला महामारी नियंत्रक डा. महेन्द्रपाल सिंह के अनुसार 40 से 50 सेम्पल जांच के लिए जिला चिकित्सालय आ रहे है.
