भारत, ईरान और आर्मेनिया ने संबंधों की समीक्षा की, कनेक्टिविटी बढाने पर दिया जोर

नयी दिल्ली 09 सितम्बर (वार्ता) भारत, ईरान और आर्मेनिया ने आर्थिक, व्यापारिक और परस्पर हित के अन्य क्षेत्रों में संबंधों की समीक्षा की है और विशेष रूप से कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सहयोग का दायरा बढाने और उसे मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि तीनों देशों के बीच तीसरा त्रिपक्षीय परामर्श सोमवार को तेहरान में हुआ।

विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान) आनंद प्रकाश, ईरान के विदेश मंत्रालय में दक्षिण एशिया महानिदेशक मोहम्मद रेजा बहरामी और आर्मेनिया के विदेश मंत्रालय में एशिया-प्रशांत विभाग प्रमुख सुश्री अनाहित करापेत्यान ने इस बैठक की सह-अध्यक्षता की। सभी पक्षों ने त्रिपक्षीय परामर्श के नियमित और वार्षिक आयोजन पर संतोष व्यक्त किया और अप्रैल 2023 में येरेवन में आयोजित पहली बैठक और दिसंबर 2024 में नई दिल्ली में आयोजित दूसरी बैठक में लिए गए निर्णयों में प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने परस्पर हितों की रक्षा और क्षेत्र में समृद्धि तथा कल्याण को बढ़ावा देने के लिए उक्त बैठकों के लिए निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने पर भी ज़ोर दिया।

उन्होंने विशेष रूप से अंतर्राष्ट्रीय उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारा (आईएनएसटीसी) और आर्मेनिया में ‘क्रॉसरोड्स ऑफ पीस’ परियोजना सहित संपर्क के क्षेत्रों में सहयोग का दायरा बढाने और उन्हें मजबूत बनाने पर ज़ोर दिया। दोनों पक्षों ने आर्थिक, व्यापारिक और पारस्परिक हित के अन्य क्षेत्रों में संबंधों का मजबूत बनाने के उद्देश्य से की गई पहलों की भी समीक्षा की और उन पर प्रकाश डाला।

बैठक में सहमति बनी कि त्रिपक्षीय परामर्श का अगला दौर अगले वर्ष आर्मेनिया में होगा।

Next Post

एनआईए ने आईएसआईएस से जुड़े आतंकी साजिश मामले में 21 स्थानों पर तलाशी ली

Tue Sep 9 , 2025
नयी दिल्ली, 09 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आईएसआईएस और अन्य आतंकवादी संगठनों से जुड़े एक आतंकी साजिश मामले में पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। इसके तहत बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश […]

You May Like