
नयी दिल्ली, 09 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आईएसआईएस और अन्य आतंकवादी संगठनों से जुड़े एक आतंकी साजिश मामले में पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। इसके तहत बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू- कश्मीर में कुल 21 स्थानों पर व्यापक पैमाने पर तलाशी ली गयी।
एनआईए ने इसी साल जून में तमिलनाडु के चेंगलपट्टू जिले में कयार पुलिस से यह मामला अपने हाथ में लिया था और उसने तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेजी सामग्रियों के साथ-साथ मोबाइल फोन सहित कई डिजिटल उपकरण जब्त किए। यह मामला अखलाथुर उर्फ मोहम्मद अखलाक मुजाहिद की गिरफ्तारी से सामने आया, जिसने कथित तौर पर भारत में आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने के लिए दूसरों के साथ साजिश रची थी। इस साजिश का उद्देश्य प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के साथ मिलकर भारत के खिलाफ जिहाद छेड़ने के लिए लोगों और सामग्री का समर्थन जुटाना था।
एनआईए की जांच के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए इन आतंकी संगठनों के संपर्क में था। उसके पाकिस्तान और सीरिया में कई संस्थाओं के साथ संबंध पाए गए हैं।मामले की जांच जारी है।
