
सिलीगुड़ी, 09 सितंबर (वार्ता) नेपाल की राजधानी काठमांडू में हो रहे विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए काठमांडू और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी के बीच बस सेवा स्थगित कर दी गई है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) ने इस बात की पुष्टि की है कि काठमांडू-काकरविट्टा-सिलीगुड़ी बस सेवा, जो सप्ताह में दो बार मंगलवार और गुरुवार को चलती है उसे तकनीकी कारणों से स्थगित कर दिया गया है। इस घटनाक्रम पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
गौरतलब है कि वर्ष 1950 की भारत-नेपाल शांति और मैत्री संधि दोनों देशों के बीच विशेष संबंधों की आधारशिला है। यह संधि दोनों देशों के नागरिकों के पारस्परिक लाभ , सुविधाओं और अवसरों काे सुनिश्चित करती है।
यह बस सिलीगुड़ी से दोपहर 3 बजे प्रस्थान करती है और अगले दिन सुबह 8 बजे काठमांडू के स्वयंभूनाथ बस पार्क पहुंचती है।सिलीगुड़ी से काठमांडू मैत्री बस पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी स्थित तेनजिंग नोर्गे बस टर्मिनस से शुरू होकर काठमांडू के स्वयंभूनाथ बस पार्क पर समाप्त होती है।
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के पानीटंकी में भारतीय सीमा में दर्जनों ट्रक खड़े होने के कारण सोमवार शाम से आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाणिज्यिक यातायात को भी स्थगित कर दिया गया है।
