पटना, 08 सितंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के राजगीर में संपन्न हीरो एशिया कप 2025 के फाइनल में दक्षिण कोरिया के उपर विलक्षण जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम के प्रत्येक सदस्य को 10 लाख रूपये की सम्मान राशि देने का निर्णय लिया है।
श्री कुमार ने भारतीय टीम के हॉकी खिलाड़ियों को शुभकामनायें देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “भारत की हॉकी टीम ने बिहार की धरती पर एशियन चैम्पियनशिप जीत कर देशवासियों को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान और उत्साहवर्धन के लिए बिहार सरकार ने प्रत्येक खिलाड़ी को 10 लाख और सहयोगी स्टाफ को पांच लाख रूपये देने का निर्णय लिया है।”
उल्लेखनीय है कि बिहार के राजगीर खेल परिसर के नव निर्मित हॉकी ट्रैक पर पहली बार पुरुष वर्ग में एशियाई स्तर की कोई प्रतियोगिता आयोजित की गयी। 29 अगस्त से 07 सितंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल में रविवार को भारत ने पांच बार के विजेता दक्षिण कोरिया को 4-1 से हरा कर शानदार जीत दर्ज की थी। इस जीत के साथ भारत आगामी विश्वकप हॉकी प्रतियोगिता के लिए सीधे क्वालीफाई कर गया है।

