सिंगापुर को रौंद कर भारतीय महिला हॉकी टीम एशिया कप के सुपर चार में

हांगझोऊ (चीन), 08 सितंबर (वार्ता) भारतीय महिला हॉकी टीम ने सोमवार को महिला एशिया कप 2025 में अपनी लय बरकरार रखते हुए सिंगापुर पर 12-0 से एकतरफा जीत दर्ज कर सुपर-4 मुकाबले में अपनी जगह पक्की कर ली।
आज यहां खेले गये मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से मुमताज खान (दूसरे, 32वें,39वें मिनट में) और नवनीत कौर (14वें, 20वें, 28वें मिनट में) नेहा (11वें, 38वें मिनट), लालरेम्सियामी (13वें मिनट में) उदिता (29वें मिनट में), शर्मिला सिंह (45वें मिनट में) और रुतुजा दादासो पिसाल (53वें मिनट में) ने गोल किए
भारतीय टीम मैच की शुरुआत से ही सिंगापुर की टीम पर हावी रही। पहले क्वार्टर में ही भारत ने सिंगापुर की रक्षापंक्ति को भेदते हुए चार गोल दागे। मैच शुरू होने के दूसरे मिनट में मुमताज खान ने अपने शानदार मैदानी गोल से भारत का खोला। इसके बाद भारत ने अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसे उदिता गोल में नहीं बदल सकीं।
लेकिन इसके बाद भारत ने दो मैदानी गोल दागे। 11वें मिनट में नेहा ने मैदानी गोल के साथ भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया और 13वें मिनट में लालरेम्सियामी ने फील्ड गोल कर स्कोर 3-0 किया। 14वें मिनट में नवनीत कौर ने सिंगापुर के गोलकीपर को चकमा देते हुए पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर 4-0 कर दिया। वहीं, सिंगापुर एक भी गोल करने में सफल नहीं हुआ और उसकी टीम काफी संघर्ष करना पड़ा।
दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने आक्रमक प्रदर्शन करना जारी रखा। इस क्वार्टर की शुरुआत में सिंगापुर ने पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन गोल करने में विफल रहे। इस क्वार्टर में भी भारत ने तीन गोल किए। नवनीत ने इस क्वार्टर ने दो और गोल किए। 20वें मिनट में नवनीत ने मैदानी गोल दागा। इसके बाद 28वें मिनट में उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किया। इस गोल के साथ नवनीत ने अपनी हैट्रिक पूरी की। इस क्वार्टर का समापन उदिता के गोल से हुआ, उन्होंने 29वें मिनट में पीसी को गोल में बदला। पहले हाफ की समाप्ति तक भारत ने 7-0 से अपनी बढ़त को बनाए रखा। वहीं, सिंगापुर मौके बनाने में विफल रही।
तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। भारत ने कई पेनल्टी कॉर्नर अपने नाम की। इस क्वार्टर में भारत ने चार गोल दागे। वहीं, कमजोर डिफेंस के साथ सिंगापुर ने एक भी गोल नहीं कर पाई। इस क्वार्टर में मुमताज ने दो मैदानी गोल दागे और उनकी भी इस मैच में हैट्रिक पूरी हुई। वहीं, नेहा ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करते हुए अपना दूसरा गोल दागा। क्वार्टर के आखिरी मिनट में शर्मिला सिंह ने पीसी को गोल में बदला। इसी के साथ भारत ने 11-0 स्कोर के साथ बड़ी बढ़त हासिल कर ली, जिसे कम करने की सिंगापुर की सभी कोशिशें भारत ने विफल कर दिया।
चौथे क्वार्टर में भारत ने लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और 53वें मिनट में रुतुजा ने पीसी के जरिए गोल कर भारत का स्कोर 12-0 कर दिया। इसी के साथ भारत ने इस मुकाबले में एकतरफा जीत दर्ज की।
भारतीय टीम सुपर-4 मैच 10 सितंबर को खेलेगा।
एशिया कप जीतने वाली टीम को 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले महिला हॉकी विश्व कप के लिए सीधे क्वालिफिकेशन मिलेगा।

Next Post

राज्य स्तरीय कराटे में रिया द्विवेदी का चयन 

Mon Sep 8 , 2025
सीधी। शहर के श्रीगणेश हायर सेकेण्ड्री स्कूल अमहा में इंग्लिश मीडियम में 8वीं कक्षा में अध्ययनरत रिया द्विवेदी का स्टेट लेवल में कराटे प्रतियोगिता में चयन हुआ है जो कि वह अब ग्वालियर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना हुनर दिखाएंगी। मालूम हो कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता […]

You May Like