ईरानी राष्ट्रपति ने खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब की ‘शहादत’ की पुष्टि की

तेहरान/तेल अवीव, (वार्ता) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने इजरायली हमले में देश के खुफिया मामलों के मंत्री इस्माइल खतीब की मौत की आधिकारिक पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।

यह पिछले 24 घंटे के भीतर किसी उच्च पदस्थ तीसरे ईरानी अधिकारी की हत्या है।

खतीब की मौत से पहले सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र के प्रमुख अली लारीजानी और बसीज मिलिशिया के कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी भी मारे गए थे।

राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने खुफिया प्रमुख की हत्या की पुष्टि करते हुए एक्स पर लिखा “मेरे प्रिय सहयोगियों इस्माइल खतीब, अली लारीजानी और अजीज नासिरजादेह की कायरतापूर्ण हत्या, साथ ही उनके परिवार के कुछ सदस्यों और साथ आई टीम के मारे जाने से हम गहरे शोक में हैं।

उन्होंने कहा “मैं दो कैबिनेट सदस्यों, शूरा के सचिव, और सैन्य एवं बसीज कमांडरों की शहादत पर ईरान की महान जनता के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मुझे विश्वास है कि उनका रास्ता पहले से कहीं अधिक दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।”

इससे पहले, इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने कहा कि उन्होंने और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सेना को किसी भी अन्य वरिष्ठ ईरानी अधिकारी को निशाना बनाकर मारने का अधिकार दे दिया है, जिसके लिए किसी अतिरिक्त मंजूरी की आवश्यकता नहीं होगी।

काट्ज़ के कार्यालय द्वारा जारी बयानों के अनुसार, एक सुरक्षा समीक्षा के दौरान काट्ज़ ने कहा: “आज के दिन, सभी मोर्चों पर महत्वपूर्ण आश्चर्यों की उम्मीद है, जिससे ईरान और लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ हम जो युद्ध लड़ रहे हैं, वह और तेज हो जाएगा।” उन्हाेंने कहा “ईरान में हमलों की तीव्रता बढ़ रही है।”

इजरायल के जनरल स्टाफ के प्रमुख, लेफ्टिनेंट जनरल अयाल ज़मीर ने ईरानी खुफिया प्रमुख के मारे जाने पर टिप्पणी करते हुए कहा: “कल रात, हमने ईरानी आतंकवादी शासन के खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब पर हमला किया और उन्हें मार गिराया और साथ ही इमाम हुसैन डिवीजन के कमांडर पर भी हमला किया, जो अपने पूर्ववर्ती के मारे जाने के बाद अभी ठीक से अपना पद भी नहीं संभाल पाए थे।”

गार्डियन के अनुसार, इज़रायल रक्षा बल (आईडीएफ) खुफिया जानकारी इकट्ठा कर रही थी, जिसकी मदद से वे पिछले 24 घंटों में तीन वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों की मौत की घोषणा कर पाए। इनमें खतीब भी शामिल थे जो नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के करीबी थे।

खतीब को अगस्त 2021 में तत्कालीन राष्ट्रपति इब्राहिम रायसी द्वारा ईरान का खुफिया मंत्री नियुक्त किया गया था। इस्लामिक गणराज्य की सुरक्षा व्यवस्था में गहरी पैठ रखने वाले एक धर्मगुरु के तौर पर, उनका करियर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) और न्यायपालिका, दोनों में विभिन्न भूमिकाओं तक फैला हुआ था। 2022 में वाशिंगटन और उसके सहयोगियों को निशाना बनाने वाले कथित साइबर अभियानों के चलते अमेरिकी वित्त विभाग ने उन पर प्रतिबंध लगा दिए थे।

इज़रायली सेना ने कहा कि खतीब के नेतृत्व वाला खुफिया मंत्रालय “ईरानी आतंकवादी शासन का प्राथमिक खुफिया संगठन था, जिसने शासन के दमन और आतंकवादी गतिविधियों को समर्थन देने में भी अहम भूमिका निभाई।”

आईडीएफ ने कहा कि इस मंत्रालय के पास “उन्नत खुफिया क्षमताएं हैं, जो दुनिया भर में—विशेष रूप से इज़रायल और ईरानी नागरिकों के खिलाफ—निगरानी, जासूसी और गुप्त अभियानों के संचालन की देखरेख करता है।”

आईडीएफ के अनुसार, ईरान में हाल ही में हुए सरकार विरोधी प्रदर्शनों पर की गई क्रूर कार्रवाई में खतीब ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

 

 

Next Post

लारीजानी की मौत से भड़का ईरान…दुनिया से सबसे बड़े नेचुरल गैस फैसिलिटी Habshan पर बोला हमला, UAE नाराज

Thu Mar 19 , 2026
मिडिल ईस्ट में संघर्ष तेज हो गया है। ईरान और इज़राइल हमले और जवाबी हमले कर रहे हैं, जिससे फारस की खाड़ी के गैस-तेल सेक्टर पर खतरा बढ़ा और वैश्विक तेल कीमतें बढ़ीं। मिडिल ईस्ट में जारी जंग लगातार गंभीर होती जा रही है। ईरान लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा […]

You May Like

मनोरंजन