इंदौर: शहर और आसपास के थाना क्षेत्रों में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों के कारण सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है. बीते 24 घंटों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार, बाइक, लोडिंग वाहन और ऑटो की टक्कर से 13 घटनाएं सामने आईं. इन हादसों में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि महिलाओं-बच्चों सहित कई लोग घायल हुए हैं. सभी मामलों में संबंधित थानों में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी ई है.
तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में सिल्वर स्प्रिंग फेस-1 सर्विस रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार संजय धीमान घायल हो गए. इसी तरह राऊ थाना क्षेत्र में रंगवासा फाटा और नेहरू नगर कट पाइंट के पास दो अलग-अलग हादसों में स्कूटी और बाइक सवार घायल हुए, जिनमें महिलाओं को भी चोटें आईं. एरोड्रम थाना क्षेत्र में संगम नगर के पास तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से नाबालिग घायल हुआ, जबकि एमआईजी क्षेत्र में स्कूटी और पैदल राहगीर को कार व बाइक ने टक्कर मार दी.
विजयनगर चौराहे पर कार की टक्कर से बाइक सवार घायल हुए, वहीं तुकोगंज क्षेत्र में लेन्टर्न चौराहे के पास लापरवाही से चलाई जा रही बाइक ने स्कूटर सवार को गिरा दिया. सबसे गंभीर मामला बाणगंगा थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां बजरंगपुरा में लोडिंग पिकअप की टक्कर से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई. इसी थाना क्षेत्र में एक अन्य घटना में लोडिंग ऑटो की आमने-सामने की टक्कर से एक परिवार के चार सदस्य, जिनमें मासूम बच्ची भी शामिल है, घायल हो गए.
छत्रीपुरा क्षेत्र में अज्ञात बाइक सवार ने स्कूटी को ओवरटेक कर टक्कर मारी, जिससे पिता-पुत्री घायल हो गए. चंदननगर में लोडिंग वाहन की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि क्षिप्रा थाना क्षेत्र में देवास-इंदौर रोड पर कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें दंपती और बच्चों को चोटें आईं. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों में तेज गति और लापरवाही मुख्य कारण सामने आई है. घायलों का इलाज अस्पतालों में कराया जा रहा है है, वहीं मृतक महिला के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है. पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है.
सड़क विवाद में मारपीट और धमकी का मामला
लसूड़िया थाना क्षेत्र में सड़क पर हुए मामूली विवाद ने मारपीट और जान से मारने की धमकी का रूप ले लिया. स्कीम नंबर 78 पानी की टंकी के पास बाइक सवार हेमंत रिछारिया ने पुलिस को बताया कि कार चालक को सही ढंग से वाहन चलाने की समझाइश देने पर आरोपी ने कार रोककर उसके साथ मारपीट की. आरोपी ने हेमंत के कान और गाल पर थप्पड़ मारे और अश्लील गालियां दीं. पीड़ित के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने अगली बार मिलने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी. आरोपी कार चालक की पहचान और तलाश की जा रही है, वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर जांच की जा रही है.
