पुराने शहर को मिली नई सांस: अतिक्रमण हटते ही लौट आई बाजारों की रौनक

भोपाल। राजधानी के पुराने शहर में नए साल की शुरुआत के साथ ही प्रशासन और नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों पुराने अतिक्रमण को हटाया, जिससे व्यस्त बाजारों को नई पहचान मिल गई है। चौक बाजार, लखेरापुरा, लोहा बाजार, इब्राहिमपुरा, सोमवारा सहित प्रमुख इलाकों को अतिक्रमण मुक्त किए जाने से न केवल शहर की तस्वीर बदली, बल्कि आम जनता और व्यापारियों को भी बड़ी राहत मिली है।

यह कार्रवाई जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस के समन्वय से की गई। सुबह 11 बजे अतिक्रमण अमला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा और शाम तक लगातार अभियान चलता रहा। हालांकि, शुरुआती दौर में कुछ व्यापारियों ने विरोध जताया, लेकिन कार्रवाई आगे बढ़ती रही।

सोमवारा से चौक तक चला अभियान

अतिक्रमण हटाने की शुरुआत सोमवारा क्षेत्र से हुई, जो भवानी चौक, लखेरापुरा, मन्नूलाल धर्मशाला, चूड़ी मार्केट, गली द्वारकाधीश, लालसिंह पार्क चौराहा, नदीम रोड, नालंदा होटल रोड, जमील होटल रोड, इब्राहिमपुरा, जामा मस्जिद, पीपल चौक, सराफा चौक, सुभाष चौक, मालीपुरा सहित अन्य इलाकों तक फैली। शाम होते-होते ये सभी बाजार साफ-सुथरे और खुले नजर आए, जहां एक बार फिर चहल-पहल लौट आई।

यातायात और पार्किंग को मिलेगी राहत

अतिक्रमण के कारण जिन सड़कों पर जाम और अव्यवस्था आम बात हो गई थी, वे अब खुली और चौड़ी दिखाई दे रही हैं। इससे वाहनों की आवाजाही आसान होगी, पार्किंग की समस्या कम होगी और बाजारों तक पहुंचना सुविधाजनक बनेगा। इसका सीधा लाभ व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को मिलेगा।

9 ट्रक सामान जब्त

कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अतिक्रमण अमले ने दुकानों के बाहर लगाए गए शेड, पटले, ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड, बेंच, कुर्सियां, स्टूल, टेबल सहित अन्य सामान हटाया। साथ ही रास्तों पर रखी डमी, टंगन, प्लास्टिक और पन्नी आदि मिलाकर कुल 9 ट्रक सामान जब्त किया गया।

सांसद आलोक शर्मा की पहल का दिखा असर

अतिक्रमण हटाने की इस व्यापक कार्रवाई के पीछे सांसद आलोक शर्मा की सक्रिय भूमिका मानी जा रही है। महापौर रहते हुए उन्होंने शहर के विकास की नींव रखी थी और सांसद बनने के बाद भी शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए कलेक्टर, पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कीं। इन प्रयासों का परिणाम अब पुराने शहर के बदले हुए स्वरूप के रूप में सामने आया है, जिससे शहरवासियों में संतोष और उम्मीद दोनों दिखाई दे रही हैं।

Next Post

सीएम डॉ यादव ने सैंडोज़ प्रतिनिधिमंडल से फार्मा क्षेत्र में निवेश एवं विस्तार पर की चर्चा

Wed Jan 21 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दावोस में सैंडोज़ के स्मॉल मॉलिक्यूल्स एवं एंटी-इन्फेक्टिव्स ऑपरेशन्स के ग्लोबल हेड कार्लो गार्गियुलो के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने फार्मा क्षेत्र में निवेश एवं विस्तार के लिए मध्यप्रदेश की अनुकूल नीतियों, औद्योगिक अवसंरचना तथा नीतिगत समर्थन की जानकारी […]

You May Like