छतरपुर में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति से गूंजा परेड ग्राउंड

छतरपुर। जिले में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को उमंग, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय पर मुख्य समारोह पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उन्होंने कलेक्टर मृणाल मीना व पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के साथ खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। राज्यमंत्री ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद विकास और प्रगति के प्रतीक गुब्बारों को आसमान में छोड़ा गया। तीन लोकतंत्र सेनानियों और दो भूतपूर्व सैनिकों का शॉल, श्रीफल व पुष्पमाला से सम्मान किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

परेड में जिला पुलिस, एसएएफ, एनसीसी सहित कुल 9 टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। महिला जिला पुलिस बल ने प्रथम, एनसीसी बॉयज सीनियर डिवीजन ने द्वितीय और 29वीं वाहिनी एसएएफ कंपनी ने तृतीय स्थान हासिल किया। परेड का नेतृत्व पूर्णिमा मिश्रा ने किया। राष्ट्रगान की धुन पर परेड टुकड़ियों ने तीन बार हर्ष फायर किया। स्कूली विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी समारोह में समां बांधा। सांस्कृतिक कार्यक्रम में सुमति एकेडमी प्रथम, शासकीय कन्या एमएलबी विद्यालय द्वितीय और महर्षि विद्या मंदिर तृतीय रहा।

समारोह में छतरपुर जिले की विकास गाथा पर आधारित पुस्तिका का वितरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक ललिता यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री, नगरपालिका अध्यक्ष ज्योति चौरसिया सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। समारोह के बाद राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार ग्राम मौराहा के शासकीय विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने स्कूली बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर मध्यान्ह भोजन किया।

Next Post

खजुराहो में दवा खाने के बाद व्यक्ति की मौत, जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम

Sun Aug 16 , 2026
खजुराहो। खजुराहो निवासी पंकज नारायण अग्रवाल की घर पर दवा का सेवन करने के बाद मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है और मामला संदिग्ध माना जा […]

You May Like