
भोपाल। नजीराबाद थाना क्षेत्र में संचालित एक सरकारी स्कूल की महिला टीचर की शिकायत पर छेड़खानी का प्रकरण दर्ज किया है. महिला टीचर ने स्कूल के ही प्राचार्य पर छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाया है. मामले की शिकायत महिला थाने में की गई, आरोपी प्राचार्य की तलाश की जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार महिला टीचर ने आरोपी प्राचार्य पर करीब छः महीने से अधिक समय से छेड़खानी की बात कही है. महिला के अनुसार आरोपी ने अप्रैल महीने से उसके साथ छेड़खानी शुरू करते हुए परेशान करना शुरू किया था. महिला टीचर ने इसका लगातार विरोध किया, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से पीछे नहीं हटा. परेशान होकर महिला ने पुलिस में मामले की शिकायत कर दी. पुलिस में प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी प्राचार्य फरार चल रहा है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
